April 20, 2026

Swaraj Bharat 24

Breaking News ~ Latest News ~ Hindi News

Weather: जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर पश्चिम भारत में आंधी-ओलावृष्टि; महाराष्ट्र-गोवा में अगले 4 दिन बारिश के आसार

दिल्ली। मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव आया है। पिछले दो दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अलग-अलग जगहों पर तूफानी और तेज हवाएं चलीं। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवा के कारण श्रीनगर हवाईअड्डे से 19 उड़ाने रद्द की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन में इन इलाकों में अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार से पूर्वोत्तर असम तक निचले क्षोभमंडल में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

कश्मीर : गांदरबल में हिमस्खलन का खतरा
श्रीनगर समेत कश्मीर के कई हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं के कारण श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 19 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। दो का मार्ग बदला गया है। घाटी में कई हिस्सों में खंभे और तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। प्रशासन ने अगले 24 घंटों के दौरान गांदरबल और कुपवाड़ा जिलों में हिमस्खलन की आशंका जताई है।

महाराष्ट्र, गोवा में अगले चार दिन बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडल स्तरों पर उत्तर आंतरिक कर्नाटक से दक्षिण तमिलनाडु तक भी कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके प्रभाव से 29 मार्च से 1 अप्रैल के बीच मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है। इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी गरज के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों और उत्तर प्रदेश में तूफानी और तेज हवाएं चलीं। वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *