April 20, 2026

Swaraj Bharat 24

Breaking News ~ Latest News ~ Hindi News

Weather: हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा पश्चिमी विक्षोभ; होली तक कहां चढेगा पारा और कहां होगी बारिश, जानें यहां

दिल्ली। होली से पहले उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी राज्यों में तेजी से मौसम बदल रहा है और गर्मी अपना तेवर दिखाने लगी है। इन राज्यों में होली से पहले प्रतिदिन पारा चढ़ेगा। वहीं, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। अगले तीन-चार दिन पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और आंधी भी आ सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में गरज और बिजली के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 9 मार्च से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना बनी हुई है। इसके असर से 13 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। 10 से 13 मार्च के दौरान उत्तराखंड में भी बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 12-14 मार्च के पंजाब में, 13-14 मार्च को हरियाणा और 14 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट हल्की और मध्यम वर्षा हो सकती है।

इन राज्यों में भी बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 10 और 11 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। 11 मार्च को लक्षद्वीप और कर्नाटक में भी बारिश के आसार हैं। 11 और 12 मार्च को दिल्ली और गंगा के मैदानी इलाकों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं।

2-4 डिग्री बढ़ेगा तापमान
अगले 4 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, पूर्व और पश्चिम के अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

लू की चेतावनी
9 से 11 मार्च के दौरान गोवा, कोंकण और महाराष्ट्र में लू चलने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी महसूस की गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *